अहमदाबाद: पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2025 के दूसरे क्वालिफायर में पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से हरा दिया और उनका छठी और सबसे ज्यादा बार टूर्नामेंट जीतने का सपना मिट्टी में मिला दिया। बता दें कि 2013 में पहली बार आईपीएल टाइटल जीतने के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब पांच साल में मुंबई आईपीएल का एक भी खिताब न जीती हो। 2020 में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर टूर्नामेंट जीता था। उसके बाद से वे अब तक आईपीएल नहीं जीत पाए हैं। हालांकि, मुंबई के छठे टाइटल की तलाश जारी रहेगी।
पंजाब से हारने के बाद मुंबई के खेमे में थी मायूसी
पंजाब किंग्स से दूसरा क्वालिफायर हारने के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी काफी मायूस हो गए थे। मैच हारने के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या मैदान पर ही बैठ गए थे। वहीं रोहित शर्मा का भी चेहरा उतर गया था। इसके अलावा अश्विनी कुमार भी निराश नजर आ रहे थे। फिर उनको जसप्रीत बुमराह ने कंसोल किया था। खिलाड़ियों के अलावा मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी की भी कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिसमें मैच के दौरान उनके रिएक्शन हैरान करने वाले हैं।
वह भी अपनी टीम के प्रदर्शन से बिल्कुल खुश नहीं लग रही थीं। हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स को हराकर जब मुंबई प्लेऑफ में पहुंची थी तो नीता अंबानी ने अपने हाथ से छठी आईपीएल ट्रॉफी का जेस्चर किया था। लेकिन, टीम उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। हो सकता है कि अब हम एमआई में अगले सीजन कुछ बड़े बदलाव देखें।
कुछ ऐसा रहा पंजाब और मुंबई का मैच
मुंबई इंडियंस मे टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धाारित 20 ओवर में 6 विकेट पर 203 रन बनाए थे। 204 रन का टारगेट पंजाब किंग्स ने 19 ओवर में ही 5 विकेट रहते चेज कर लिया। पहली बार किसी टीम ने मुंबई के खिलाफ आईपीएल में 200 या उससे अधिक रन का टारगेट चेज किया है।